अमेरिका में OPT पर काम कर रहे भारतीय छात्रों पर संकट, फर्जी नौकरियों के कारण हो सकता है डिपोर्टेशन !

अमेरिका में काम कर रहे भारतीय छात्रों के लिए एक नई मुश्किल खड़ी हो सकती है। यूएस सिटिजनशिप एंड इमिग्रेशन सर्विस (USCIS) ने एक नया नियम लागू किया है, जिसके तहत OPT (Optional Practical Training) पर काम कर रहे छात्रों को धोखाधड़ी के आरोपों में फंसने पर देश से निकाला जा सकता है।

क्या है नया नियम?

अब अगर किसी छात्र पर OPT से जुड़े किसी घोटाले (स्कैम) में शामिल होने का आरोप लगता है, तो USCIS उसे ‘नोटिस टू अपीयर’ (NTA) जारी करेगा। इसका मतलब है कि उस छात्र के खिलाफ डिपोर्टेशन (देश से निकाले जाने) की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि कई छात्रों को इस बारे में पता भी नहीं चलता कि वे किसी जांच के दायरे में आ गए हैं।

कैसे फंस रहे हैं छात्र?

OPT पर काम करने के लिए छात्रों को उन कंपनियों में नौकरी करनी होती है, जिन्हें अमेरिकी सरकार ने E-Verify सिस्टम के तहत मान्यता दी है। लेकिन कुछ फर्जी कंपनियां इस सिस्टम में घुसकर छात्रों को आकर्षक नौकरी का लालच देती हैं।

ये कंपनियां छात्रों से ट्रेनिंग के नाम पर पैसे वसूलती हैं, लेकिन असल में कोई काम नहीं देतीं।

छात्रों को लगता है कि वे सही जगह नौकरी कर रहे हैं, लेकिन वे USCIS और होमलैंड सिक्योरिटी (DHS) की नजरों में धोखाधड़ी का हिस्सा बन जाते हैं।

DHS इन कंपनियों पर छापेमारी करता है और वहां काम करने वाले लोगों की लिस्ट जब्त कर लेता है।

इन लिस्ट में जिन छात्रों के नाम आते हैं, उन पर गुप्त रूप से कार्रवाई की जाती है।

छात्रों को कब पता चलता है?

छात्रों को अक्सर तब पता चलता है जब वे अमेरिका से छुट्टियों में बाहर जाते हैं और वापस लौटने पर एयरपोर्ट पर रोक दिए जाते हैं।

कई मामलों में, जब छात्र वीजा रिन्यू करवाने या किसी सरकारी प्रक्रिया के लिए अप्लाई करते हैं, तब उन्हें पता चलता है कि उन पर प्रतिबंध लगा दिया गया है।

USCIS इन छात्रों के नाम अमेरिकी कस्टम्स और वाणिज्य दूतावासों को भेज देता है, जिससे वे अमेरिका में दोबारा एंट्री नहीं ले पाते।

कितने भारतीय छात्र प्रभावित हो सकते हैं?

अमेरिकी विश्वविद्यालयों में करीब 3 लाख से ज्यादा भारतीय छात्र पढ़ाई कर रहे हैं, जिनमें से लगभग 97,556 छात्र OPT पर काम कर रहे हैं।

छात्रों के लिए क्या सावधानी जरूरी है?

फर्जी कंपनियों से बचें – सिर्फ उन्हीं कंपनियों में काम करें, जो सही तरीके से रजिस्टर्ड हों।

कोई भी दस्तावेज साइन करने से पहले रिसर्च करें – अगर कोई कंपनी पैसे लेकर ट्रेनिंग देने की बात कहे, तो सावधान हो जाएं।

कानूनी मदद लें – अगर किसी छात्र को अपने OPT स्टेटस पर शक हो रहा है, तो तुरंत इमिग्रेशन वकील से संपर्क करें।

OPT प्रोग्राम अमेरिका में पढ़ रहे विदेशी छात्रों के लिए एक सुनहरा मौका होता है, लेकिन गलत जानकारी या ठगी की वजह से उनका भविष्य खतरे में पड़ सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *