बिजली का तार टूटने से गन्ने के खेत में लगी आग, किसान को भारी नुकसान

जालौन। कोंच कोतवाली क्षेत्र के गोखले नगर मोहल्ले में बीती शाम बिजली का तार टूटकर गन्ने के खेत में गिर गया, जिससे भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरे खेत को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे किसान को करीब 1.5 लाख रुपये का नुकसान हुआ।

खेत मालिक परशुराम कुशवाहा ने बताया कि उन्होंने यह 5 बीघा खेत जोताई पर लिया था, लेकिन इस हादसे के कारण उनकी पूरी फसल जलकर खाक हो गई। स्थानीय लोगों ने आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन तेज लपटों के आगे उनकी सारी मेहनत नाकाम रही।

घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड को बुलाया गया, लेकिन जब तक दमकल की गाड़ियाँ पहुंचीं, तब तक खेत पूरी तरह जल चुका था।

स्थानीय निवासी दयाशंकर ने बताया, “बिजली का तार गिरते ही आग तेजी से फैल गई। हमने अपने स्तर पर आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन कुछ ही मिनटों में पूरा खेत जल गया।”

इस घटना ने एक बार फिर पुरानी और जर्जर बिजली लाइनों की खतरनाक स्थिति को उजागर कर दिया है। किसानों की मेहनत पर पानी फिरने से उनका आर्थिक संकट बढ़ता जा रहा है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि जर्जर तारों को जल्द बदला जाए ताकि इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *