मुंगेर-बांका सीमा पर बदुआ नदी में बनेगा नया पुल, सरकार ने दी मंजूरी

पटना: बिहार सरकार के ग्रामीण कार्य विभाग ने मुंगेर और बांका जिले की सीमा पर स्थित बदुआ नदी पर नए पुल के निर्माण को मंजूरी दे दी है। यह पुल प्रसिद्ध दुर्गा मंदिर तेलडीहा हरबंशपुर और गोगाचक के बीच बनेगा, जिससे स्थानीय लोगों को आवागमन में बड़ी सुविधा मिलेगी।

उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने अपने क्षेत्रीय दौरे के दौरान इस पुल के निर्माण की घोषणा की थी। विभाग के विशेष सचिव उज्ज्वल कुमार सिंह ने बताया कि इस परियोजना के लिए प्रशासनिक स्वीकृति के संबंध में महालेखाकार को पत्र भेजा गया है।

68.48 मीटर लंबा होगा पुल, 979.670 लाख की लागत स्वीकृत

बदुआ नदी पर बनने वाले इस पुल की कुल लंबाई 68.48 मीटर होगी और इसके निर्माण पर 979.670 लाख रुपये की लागत आएगी। योजना को दो वित्तीय वर्षों— 2024-25 और 2025-26 में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।

इस परियोजना के कार्य संपादन के लिए संबंधित कार्य प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता को निकासी एवं व्यय पदाधिकारी नियुक्त किया गया है। पुल बनने से क्षेत्र के लोगों को बेहतर सड़क संपर्क मिलेगा और आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *