संभल के सीओ अनुज चौधरी ने होली और रमजान के जुमा को लेकर एक बयान दिया था, जिसमें उन्होंने कहा था कि जुमा साल में 52 बार आता है, जबकि होली सिर्फ एक बार होती है। उन्होंने यह भी कहा कि जिन्हें रंगों से परेशानी है, वे घर से बाहर न निकलें। उनके इस बयान का मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समर्थन किया, लेकिन विपक्ष की ओर से लगातार उनकी आलोचना की जा रही है।
इस बयान के बाद मुजफ्फरनगर के शाहपुर थाना क्षेत्र के निवासी आबाद ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट डाली, जिसमें सीओ अनुज चौधरी की फोटो के साथ लिखा था, “बकरा ईद साल में एक बार आती है। जिसे मांस और खून देखने से धर्म भ्रष्ट होता है, वह घर से बाहर न निकले।” इसके अलावा, पोस्ट में “अरेस्ट अनुज चौधरी” भी लिखा गया था।
पोस्ट वायरल होने के बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आबाद को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद आबाद का एक वीडियो भी सामने आया, जिसमें वह हाथ जोड़कर माफी मांगते हुए कह रहा है कि उसने जो टिप्पणी की, उसके लिए वह क्षमा चाहता है और दोबारा ऐसी गलती नहीं करेगा।
इस पूरे मामले के बाद प्रशासन के अधिकारी मीडिया से बात करने से बच रहे हैं, जबकि सोशल मीडिया पर इस मुद्दे को लेकर लगातार बहस हो रही है।
