पटना के अगमकुआं थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े अपराधियों ने एक अस्पताल संचालिका की गोली मारकर हत्या कर दी। यह घटना धानकी मोड़ के पास स्थित अस्पताल में हुई, जहां अपराधी सीधे संचालिका सुरभि राज के चेंबर में घुसे और उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी।
गोली लगने से सुरभि राज की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर हथियार लहराते हुए फरार हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। घटनास्थल से पांच खोखे बरामद किए गए हैं, और सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है।
अस्पताल के स्टाफ ने गंभीर रूप से घायल सुरभि को पटना एम्स पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस हमले की वजह क्या थी और इसके पीछे कौन लोग थे, इसका खुलासा अभी तक नहीं हो सका है। पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर रही है।
