अमेठी में शांतिपूर्ण माहौल में ईद की नमाज संपन्न

अमेठी में ईद का त्योहार श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। प्रशासन की सख्त सुरक्षा व्यवस्था के बीच जिलेभर की 213 प्रमुख मस्जिदों और ईदगाहों में ईद की नमाज अदा की गई। मुसाफिरखाना तहसील के इसौली रोड स्थित जामा मस्जिद समेत सभी प्रमुख ईदगाहों में नमाज शांतिपूर्वक संपन्न हुई।

जिला अधिकारी निशा अनंत और पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक ने ईदगाह पहुंचकर मुस्लिम समुदाय को ईद की शुभकामनाएं दीं और शांतिपूर्ण आयोजन की सराहना की। इस अवसर पर अन्य प्रशासनिक अधिकारी, जनप्रतिनिधि और गणमान्य व्यक्ति भी मौजूद रहे।

मुसाफिरखाना में सीओ अतुल सिंह और कोतवाल विवेक सिंह के नेतृत्व में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए। पुलिस बल ने संवेदनशील इलाकों में सतर्कता बनाए रखी। नमाज के बाद लोगों ने गले मिलकर एक-दूसरे को ईद की बधाई दी और सामूहिक भाईचारे का संदेश दिया।

प्रशासन की मुस्तैदी और जनता के सहयोग से अमेठी में ईद का पर्व सौहार्दपूर्ण माहौल में मनाया गया। पूरे जिले में शांति और भाईचारे की मिसाल देखने को मिली, जिससे प्रशासन और स्थानीय लोग संतुष्ट नजर आए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *