मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को अपने आवास पर ‘जनता दर्शन’ का आयोजन किया, जिसमें प्रदेश भर से 125 से ज्यादा लोग अपनी परेशानियां लेकर पहुंचे। मुख्यमंत्री खुद हर एक व्यक्ति के पास गए, उनकी बातें सुनीं और अफसरों को तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सरकार का मकसद यही है कि हर दुखी व्यक्ति को इंसाफ मिले और उसके चेहरे पर मुस्कान लौटे।
इस दौरान पुलिस, पेंशन, इलाज, सड़क निर्माण जैसी कई समस्याएं सामने आईं। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को सभी मामलों में तुरंत हल निकालने का आदेश दिया। चंदौली से आए दो युवाओं को उन्होंने चार्जिंग वॉकिंग स्टिक भी दी। छोटे बच्चों को गोद में लेकर प्यार किया और चॉकलेट भी बांटी।
मुख्यमंत्री ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे सुबह 10 बजे से ऑफिस में मौजूद रहें और लोगों की शिकायतें गंभीरता से सुनें। छोटी-मोटी समस्याओं का हल जिला स्तर पर ही किया जाए, सिर्फ बड़ी समस्याएं ही शासन तक पहुंचें। उन्होंने अफसरों से कहा कि हर शिकायत का हल जल्दी और पूरी संतुष्टि के साथ हो, ताकि लोगों को सरकार पर भरोसा बना रहे।
