पटना के जयप्रकाश नारायण अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर एक बड़ा हादसा उस समय टल गया, जब पुणे से आ रही इंडिगो की फ्लाइट (6E-653) की लैंडिंग के ठीक पहले किसी अज्ञात स्थान से विमान पर लेजर लाइट डाली गई। यह घटना शाम 6:40 बजे के आसपास हुई, जब फ्लाइट पटना में लैंड करने ही वाली थी।
लेजर बीम सीधी पायलट के कॉकपिट पर पड़ी, जिससे कुछ क्षणों के लिए विमान के संतुलन पर असर पड़ा। हालांकि, पायलट की सतर्कता और सूझबूझ से फ्लाइट को सुरक्षित लैंड करा लिया गया और सभी यात्री सुरक्षित रहे।
सूत्रों के अनुसार, यह लेजर बीम पास के किसी विवाह स्थल या डीजे प्रोग्राम से आई हो सकती है। घटना की गंभीरता को देखते हुए एयरपोर्ट प्रशासन और फुलवारी शरीफ पुलिस ने संयुक्त जांच शुरू कर दी है। वहीं, DGCA के दिशा-निर्देशों के अनुसार, हवाई अड्डों के 5 किलोमीटर के दायरे में लेजर लाइट का उपयोग प्रतिबंधित है।
अधिकारियों ने कहा है कि दोषियों की पहचान कर जल्द कार्रवाई की जाएगी। एविएशन विशेषज्ञों के मुताबिक, ऐसे मामलों में पायलट की आंखों को क्षति पहुंच सकती है और लैंडिंग में बड़ा खतरा उत्पन्न हो सकता है।
