इस्तांबुल में 6.2 तीव्रता का भूकंप: राहत कार्य जारी, 150 से ज्यादा घायल

तुर्की के सबसे बड़े शहर इस्तांबुल में बुधवार, 23 अप्रैल 2025 को 6.2 तीव्रता का शक्तिशाली भूकंप आया, जिससे पूरे शहर में अफरा-तफरी मच गई। भूकंप का केंद्र मरमरा सागर के नीचे इस्तांबुल के सिलिवरी जिले में था, जो लगभग 7 किलोमीटर की गहराई पर स्थित था। भूकंप के तुरंत बाद लोग अपने घरों से बाहर भागे और पार्कों, स्कूलों के मैदानों तथा अन्य खुले स्थानों में शरण ली। कुछ लोगों ने खुले में टेंट भी लगाए। स्थानीय अधिकारियों के अनुसार, फातिह जिले में एक पुरानी तीन मंजिला इमारत ढह गई, लेकिन किसी जनहानि की सूचना नहीं है। शहर में ऊर्जा आपूर्ति, पेयजल और सीवेज सेवाएं सामान्य रूप से चल रही हैं।

तुर्की के राष्ट्रपति रजब तैय्यब एर्दोआन ने स्थिति पर करीबी नजर बनाए रखते हुए राहत कार्यों को प्राथमिकता देने की बात की है। गृह मंत्री अली येरलिकाया ने बताया कि आपदा और आपातकालीन प्रबंधन दल भूकंप के प्रभाव का आकलन कर रहे हैं। भूकंप के बाद दिनभर 120 से अधिक आफ्टरशॉक्स महसूस किए गए, जिनमें से एक की तीव्रता 5.9 रही। स्थानीय समयानुसार अपराह्न 3:30 बजे तक किसी के मरने की खबर नहीं थी। हालांकि, घबराहट के कारण 151 लोग घायल हुए हैं, जिनमें से अधिकांश ऊंचाई से कूदने या भागते समय चोटिल हुए। इस भूकंप ने 6 फरवरी 2023 की कड़ी यादें ताजा कर दीं, जब तुर्की और सीरिया में आए भूकंप में 53,000 से अधिक लोग मारे गए थे। हालांकि इस्तांबुल में उस समय कोई बड़ी तबाही नहीं हुई थी, लेकिन इस नए भूकंप ने भविष्य में ऐसी घटनाओं की आशंका को बढ़ा दिया है।

तुर्की में भूकंप सामान्य घटना है, क्योंकि यह दो प्रमुख फॉल्ट लाइनों से होकर गुजरता है। स्थानीय प्रशासन ने लोगों को चेतावनी दी है कि वे क्षतिग्रस्त इमारतों में प्रवेश न करें और आवश्यक होने पर ही वाहन चलाएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *