गौतम बुद्ध नगर, 15 मई 2025
जिले की सीएम डैशबोर्ड पर खराब रैंकिंग को लेकर जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा ने कलेक्ट्रेट सभागार में विकास कार्यों से जुड़े विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी विभाग अपनी योजनाओं की प्रगति रिपोर्ट शत-प्रतिशत सीएम डैशबोर्ड पर सही और समय पर अपलोड करें।
डीएम ने कहा कि सीएम डैशबोर्ड की निगरानी खुद मुख्यमंत्री और मुख्य सचिव करते हैं। इसके आधार पर ही जनपदों की रैंकिंग तय होती है, इसलिए सभी अधिकारी इसे गंभीरता से लें। उन्होंने कहा कि जिन विभागों की रैंकिंग खराब है, वे जल्द से जल्द प्रदर्शन में सुधार करें और लक्ष्य के अनुसार कार्य करें। गलत या अधूरा डाटा फीड करने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
जिलाधिकारी ने मुख्यमंत्री की घोषणाओं से जुड़ी पांच महत्वपूर्ण परियोजनाएं — अस्पताल, खेल मैदान, आईटीआई कॉलेज, पुलिस थाना और डिग्री कॉलेज — की समीक्षा की और उन्हें तय समय में पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित विभागों से इन परियोजनाओं की अद्यतन प्रगति रिपोर्ट भी जल्द देने को कहा।
इसके साथ ही जिलाधिकारी ने निर्माण परियोजनाओं की गुणवत्ता और समयबद्धता सुनिश्चित करने के लिए कार्यदायी संस्थाओं को निर्देशित किया। उन्होंने जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी को सभी प्रोजेक्ट्स का स्थलीय निरीक्षण कराने और जिम्मेदार अधिकारियों की तैनाती के आदेश दिए।
बैठक में फैमिली आईडी, आर्थिक पुस्तिका की तैयारी और योजनाओं के आंकड़े उपलब्ध कराने को लेकर भी चर्चा हुई। मुख्य विकास अधिकारी, जिला समाज कल्याण अधिकारी, कृषि अधिकारी, शिक्षा अधिकारी सहित कई अन्य विभागों के अधिकारी बैठक में मौजूद रहे।
जिलाधिकारी ने अंत में कहा कि सभी अधिकारी सीएम डैशबोर्ड की रैंकिंग को बेहतर बनाने के लिए मिलकर काम करें, जिससे गौतम बुद्ध नगर जनपद प्रदेश में शीर्ष स्थान प्राप्त कर सके।
