नेवार्क एयरपोर्ट पर भारतीय छात्र के साथ दुर्व्यवहार, अमेरिका की सफाई – भारत ने उठाया मामला

अमेरिका के नेवार्क एयरपोर्ट पर एक भारतीय छात्र के साथ दुर्व्यवहार का वीडियो सामने आने के बाद मामला गरमा गया है। वीडियो में छात्र को ज़मीन पर गिराकर हथकड़ी लगाते हुए देखा गया। छात्र रो रहा था और आसपास मौजूद लोग इस दृश्य को देखकर हैरान थे। घटना की जानकारी सोशल मीडिया के जरिए सामने आई, जिसे एक भारतीय मूल के व्यक्ति कुनाल जैन ने साझा किया।

मामले पर अमेरिका की ओर से प्रतिक्रिया देते हुए कहा गया है कि वे अवैध तरीके से देश में प्रवेश करने या वीज़ा के दुरुपयोग को किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं करेंगे। अमेरिकी दूतावास ने कहा, “हम वैध यात्रियों का स्वागत करते हैं, लेकिन अमेरिका में आने का कोई स्वाभाविक अधिकार नहीं है। कानून तोड़ने वालों के साथ कड़ाई से निपटा जाएगा।”

इधर भारत सरकार ने इस घटना को गंभीरता से लिया है। विदेश मंत्रालय ने औपचारिक रूप से अमेरिकी दूतावास से संपर्क कर इस मामले की जानकारी मांगी है। मंत्रालय ने पूछा है कि छात्र के साथ ऐसा व्यवहार क्यों किया गया और उसके साथ क्या प्रक्रिया अपनाई गई।

सूत्रों के अनुसार, छात्र हरियाणा का निवासी है और उसके पास वैध दस्तावेज नहीं थे। अमेरिकी अधिकारियों ने उसे यात्रा के लिए अस्वस्थ बताया और अस्पताल भेजा गया। मेडिकल जांच के बाद उसे जल्द ही भारत भेजे जाने की संभावना है।

इस घटना पर विपक्षी दलों ने भी केंद्र सरकार को घेरा है। कांग्रेस ने कहा कि भारतीय नागरिकों की सुरक्षा और सम्मान सुनिश्चित करना सरकार की जिम्मेदारी है और प्रधानमंत्री को अमेरिकी प्रशासन से सीधे बात करनी चाहिए।

घटना को लेकर सोशल मीडिया पर भी भारी रोष देखा जा रहा है। लोग इसे भारतीय छात्रों के साथ हो रहे भेदभाव का उदाहरण बता रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *