राहुल गांधी ने पीएम मोदी को लिखा पत्र, SC/ST, OBC और अल्पसंख्यक छात्रों की समस्याओं पर जताई चिंता

कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को एक पत्र लिखकर दलित, पिछड़े, अत्यंत पिछड़े और अल्पसंख्यक समुदायों के छात्र-छात्राओं से जुड़ी गंभीर समस्याओं को उठाया है। उन्होंने हॉस्टल की खराब स्थिति और छात्रवृत्ति मिलने में हो रही देरी को लेकर चिंता जताई है।

राहुल गांधी ने अपने पत्र में लिखा है कि हाल ही में उन्होंने बिहार के दरभंगा स्थित एक अंबेडकर छात्रावास का दौरा किया, जहां छात्र बेहद खराब हालात में रह रहे हैं। एक कमरे में छह से सात छात्र रह रहे हैं, शौचालय गंदे हैं, पीने का पानी असुरक्षित है और भोजन की कोई समुचित व्यवस्था नहीं है। इंटरनेट, लाइब्रेरी और पढ़ाई के लिए जरूरी सुविधाएं भी नदारद हैं।

उन्होंने प्रधानमंत्री से मांग की है कि देशभर में ऐसे सभी हॉस्टलों का सामाजिक ऑडिट कराया जाए और जहां भी सुविधाओं की कमी है, उन्हें तुरंत पूरा किया जाए।

इसके साथ ही राहुल गांधी ने पोस्ट-मैट्रिक छात्रवृत्ति योजना में हो रही देरी और रुकावटों का मुद्दा भी उठाया है। उन्होंने बताया कि कई राज्यों, खासकर बिहार में, वर्षों तक छात्रवृत्ति पोर्टल बंद रहा। इसके कारण लाखों छात्रों को समय पर सहायता नहीं मिल पाई। उन्होंने छात्रवृत्ति की राशि बढ़ाने, भुगतान की प्रक्रिया को आसान और पारदर्शी बनाने की भी मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *