ग्रेटर नोएडा। यमुना सिटी क्षेत्र के सिवारा गांव में अब विकास की गति तेज हो गई है। शुक्रवार को जेवर से बीजेपी विधायक धीरेंद्र सिंह ने गांव में करीब 73 लाख रुपये की लागत से होने वाले विकास कार्यों का शुभारंभ किया। इन कार्यों में सड़क निर्माण, पुस्तकालय निर्माण और बिजली व्यवस्था सुधार शामिल हैं।
कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों ने लंबे समय से लंबित पुस्तकालय की मांग को लेकर विधायक का आभार जताया। उन्होंने बताया कि गांव में युवाओं को अध्ययन की सुविधाएं नहीं मिल पा रही थीं, अब पुस्तकालय बनने से छात्रों को लाभ होगा।
इस मौके पर ग्रामीणों ने बिजली कटौती की समस्या को भी प्रमुखता से उठाया। उनका कहना था कि गांव में लगातार बिजली आती-जाती रहती है, जिससे परेशानियां बढ़ रही हैं।
विधायक धीरेंद्र सिंह ने तुरंत बिजली विभाग के मुख्य अभियंता और अधिशासी अभियंता से संपर्क कर बिजली आपूर्ति में सुधार के निर्देश दिए। उन्होंने आश्वासन दिया कि जल्द ही गांव की बिजली व्यवस्था को मजबूत किया जाएगा।
विधायक ने कहा कि गांवों का विकास ही असली विकास है और सरकार ग्रामीण क्षेत्रों को भी शहरी सुविधाओं से जोड़ने के लिए प्रतिबद्ध है।
