ग्रेटर नोएडा: स्टंट का शौक पड़ा महंगा, स्कॉर्पियो से रील बनाना पड़ा 58,500 का चालान

ग्रेटर नोएडा के डाबरा गांव में एक युवक को स्कॉर्पियो कार से स्टंट करते हुए वीडियो बनाना महंगा पड़ गया। यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिसके बाद ट्रैफिक पुलिस ने कार्रवाई करते हुए स्कॉर्पियो का ₹58,500 का चालान काटा।

वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि स्कॉर्पियो तेज रफ्तार से दौड़ रही थी और उसका बायां दरवाजा खुला हुआ था। एक युवक दरवाजे पर पैर रखकर खड़ा था, जबकि दूसरा युवक मोबाइल से उसका वीडियो बना रहा था। दोनों युवक रील बनाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट करना चाहते थे।

जैसे ही यह वीडियो इंटरनेट पर वायरल हुआ, पुलिस ने तुरंत जांच शुरू की। गाड़ी के नंबर के आधार पर मालिक की पहचान की गई और ट्रैफिक नियमों के उल्लंघन पर चालान जारी किया गया।

डीसीपी ट्रैफिक लखन यादव ने कहा कि ऐसे स्टंट जानलेवा हो सकते हैं। उन्होंने युवाओं से अपील की है कि वे सोशल मीडिया पर लाइक्स और व्यूज के चक्कर में इस तरह की हरकतें न करें, क्योंकि इससे न केवल उनकी बल्कि दूसरों की जान भी खतरे में पड़ती है।

पुलिस का कहना है कि आगे भी ऐसे वीडियो पर नजर रखी जाएगी और नियम तोड़ने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *