ग्रेटर नोएड = ग्रेटर नोएडा: ज्योति रानी ने जिला ग्रामोद्योग अधिकारी का पदभार संभाला

ग्रेटर नोएडा, 20 जून। उत्तर प्रदेश शासन द्वारा लगातार अधिकारियों के तबादले किए जा रहे हैं। इसी क्रम में गौतमबुद्धनगर जिले में भी ग्रामोद्योग विभाग में बदलाव हुआ है। जिले के पूर्व जिला ग्रामोद्योग अधिकारी अनिल कणवाल का तबादला हापुड़ कर दिया गया है। उनकी जगह कासगंज में तैनात रहीं अधिकारी ज्योति रानी को गौतमबुद्धनगर६ भेजा गया है। शुक्रवार को ज्योति रानी ने विकास भवन स्थित कार्यालय में जिला ग्रामोद्योग अधिकारी के पद का कार्यभार विधिवत रूप से संभाल लिया।

पदभार ग्रहण करने के बाद उन्होंने जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा और मुख्य विकास अधिकारी विद्यानाथ शुक्ला से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान उन्होंने जिले में ग्रामोद्योग को बढ़ावा देने और युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ने को लेकर अपनी प्राथमिकताओं के बारे में जानकारी दी।

ज्योति रानी ने कहा कि शासन की जो योजनाएं ग्रामोद्योग से जुड़ी हैं, उन्हें जन-जन तक पहुंचाना उनकी प्राथमिकता होगी। उन्होंने कहा कि जिले के बेरोजगारों को विभागीय प्रशिक्षण देकर उन्हें स्वरोजगार के लिए प्रेरित किया जाएगा। विशेष रूप से महिलाओं और युवाओं के लिए स्वरोजगार के नए अवसर तैयार किए जाएंगे, ताकि वे आत्मनिर्भर बन सकें।

उन्होंने यह भी बताया कि पारंपरिक हस्तशिल्प, कुटीर उद्योग और स्थानीय उत्पादों को बाजार से जोड़ने के लिए प्रयास किए जाएंगे। इस दिशा में स्वयं सहायता समूहों और स्थानीय संस्थाओं की मदद ली जाएगी। साथ ही जिले में चल रही योजनाओं की समीक्षा कर उनकी प्रगति को सुनिश्चित किया जाएगा।

ज्योति रानी के आने से जिले में ग्रामोद्योग से जुड़ी गतिविधियों को नया आयाम मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। अधिकारियों और कर्मचारियों ने उन्हें नए कार्यस्थल पर स्वागत किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *