ग्रेटर नोएडा के हबीबपुर गांव से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक युवक अचानक लापता हो गया है। घटना 18 जून (बुधवार) की रात की है। लापता युवक की पहचान गांव निवासी अजीत सिंह के पुत्र रोहित चंदीला के रूप में हुई है, जो प्रॉपर्टी डीलर का काम करते हैं l जिनकी उम्र करीब 33 वर्ष बताई जा रही है। इस घटना के बाद से परिवार में कोहराम मचा हुआ है और परिजन रोहित की सलामती की दुआ कर रहे हैं।
बुधवार की रात रोहित ने अपनी पत्नी सुनीता से बात की उसके बाद छोटे भाई दीपक से फोन पर बातचीत की, जिसके बाद उसने एक ओला कैब बुक की और घर से निकल गया। परिवार को चिंता तब हुई जब रात 10 बज गया था, लेकिन रोहित का पता नहीं चला उसके बाद से उसका मोबाइल बंद आ रहा था और उसका कोई पता नहीं चल पा रहा था । परिजन पूरी रात उसकी तलाश करते रहे लेकिन जब कोई सुराग नहीं मिला, तो अगली सुबह इकोटेक थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इस संबंध में एसीपी श्री वी.एस. कुमार ने बताया,
अभी तक हमारे पास युवक की कोई ठोस जानकारी नहीं है, लेकिन हमारी टीम पूरी गंभीरता से जांच में जुटी हुई है। आसपास के इलाकों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और ओला कंपनी से कैब से संबंधित जानकारी मांगी गई है।
पुलिस द्वारा रोहित की कॉल डिटेल्स निकाली गयी,ताकि यह पता लगाया जा सके कि आखिरी बार उसकी बातचीत किन-किन लोगों से हुई थी। साथ ही, यह भी पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि वह कहां गया और किस रास्ते से गया। फिलहाल युवक के लापता होने की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है, लेकिन परिवार को किसी अनहोनी की आशंका सता रही है।
परिवार वालों ने रोहित के लापता होने की खबर सोशल मीडिया के जरिए भी साझा की है और आम लोगों से मदद की अपील की है। उन्होंने बताया कि रोहित का व्यवहार सामान्य था और किसी तरह की कोई मानसिक परेशानी नहीं थी। ऐसे में उसका इस तरह गायब हो जाना बेहद रहस्यमयी माना जा रहा है।
इस मामले ने पूरे गांव में हलचल पैदा कर दी है और स्थानीय लोग भी युवक की तलाश में लगे हुए हैं। हर कोई यही उम्मीद कर रहा है कि रोहित चंदीला सकुशल घर लौटे।
यदि किसी को रोहित के बारे में कोई भी जानकारी हो, तो वह तुरंत नजदीकी पुलिस थाने या परिवारजनों से संपर्क करें। पुलिस का कहना है कि जल्द ही मामले में कोई महत्वपूर्ण सुराग मिलने की उम्मीद है और पूरी कोशिश की जा रही है कि युवक को जल्द से जल्द खोजा जा सके।
