नोएडा सेक्टर अल्फा-2 में जलभराव की गंभीर समस्या, RWA अध्यक्ष ने पानी का बिल माफ करने की मांग उठाई

नोएडा के सेक्टर अल्फा-2 में रहने वाले लोगों को जलभराव और गंदगी की गंभीर समस्या का सामना करना पड़ रहा है। RWA अध्यक्ष सुभाष भाटी ने प्राधिकरण पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि सेक्टर को बसे 30 साल से अधिक हो चुके हैं, लेकिन आज तक नालियों की सफाई या सही तरीके से निकासी की व्यवस्था नहीं की गई।

भाटी के अनुसार, घरों की नींव में पानी भरकर खड़ा हो जाता है, जिससे दीवारों में सीलन आ जाती है और लोगों का रहना मुश्किल हो गया है। इसके अलावा, गंदा पानी पीने के पानी में मिल जाता है, जिससे बीमारियों का खतरा बना रहता है। बावजूद इसके प्राधिकरण केवल ठेकेदारों पर जुर्माना लगाकर खानापूरी करता रहा है, लेकिन कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।

उन्होंने कहा कि प्राधिकरण ने हमेशा प्राधिकरण हित में कार्य किया है, न कि सेक्टर हित में। जब प्राधिकरण की ओर से समस्या का समाधान नहीं किया जा रहा और लोग परेशान हो रहे हैं, तो ऐसे में पानी का बिल माफ किया जाना चाहिए।

RWA अध्यक्ष ने मांग की है कि जब तक जलनिकासी की समस्या का स्थायी समाधान नहीं होता, तब तक सेक्टर अल्फा-2 के सभी निवासियों का पानी बिल माफ किया जाए। उन्होंने अधिकारियों से अपील की कि इस मुद्दे को गंभीरता से लें, अन्यथा लोग आंदोलन को मजबूर होंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *