उत्तर प्रदेश सरकार ने राज्य के प्रत्येक ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र में पंचायत उत्सव भवन का निर्माण कराने का निर्णय लिया है। इसके लिए पंचायती राज विभाग द्वारा सभी जिलाधिकारियों को आदेश भेजा गया हैं। यह आदेश 22 मई 2025 को शासन से जारी हुआ था, जिसे 27 मई 2025 को जिलों तक पहुंचाया गया। इस योजना के तहत हर विधानसभा क्षेत्र में तीन पंचायत उत्सव भवन बनाए जाएंगे। एक भवन की अनुमानित लागत 1.41 करोड़ रुपये तय की गई है। शासन ने इसके लिए 100 करोड़ रुपये का बजट भी स्वीकृत किया है, जिससे कार्य को प्राथमिकता के आधार पर शुरू किया जा सके। प्रत्येक भवन के लिए 300 वर्गमीटर भूमि की आवश्यकता होगी। भवन में एक बड़ा सभागार (100 लोगों की बैठने की व्यवस्था), तीन छोटे कमरे, बिजली, पानी की व्यवस्था, रसोईघर और शौचालय की सुविधा होगी। ये भवन ग्रामीण क्षेत्रों में सामाजिक, सांस्कृतिक और प्रशासनिक गतिविधियों के लिए प्रयोग में लाए जाएंगे। भवन निर्माण के लिए स्थान का चयन ग्राम पंचायत एवं अन्य राजस्व भूमि से किया जाएगा। जहां भूमि उपलब्ध नहीं है, वहां भूमिदाता से सहमति पत्र लेकर भूमि ली जाएगी। चयन की प्रक्रिया पारदर्शी होगी और जिलाधिकारी की अध्यक्षता में गठित समिति इसकी निगरानी करेगी। जिलाधिकारियों से कहा है कि वे जल्द से जल्द भूमि चयन और प्रस्ताव भेजने की कार्रवाई पूरी करें ताकि समय से कार्य शुरू किया जा सके।
हर ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र में बनेगा ‘पंचायत उत्सव भवन’, शासन ने दिए निर्माण के निर्देश
