मुंबई। बॉलीवुड अभिनेता रणवीर सिंह एक बार फिर बड़े पर्दे पर धमाकेदार अंदाज में लौटने को तैयार हैं। उनकी नई फिल्म ‘धुरंधर’ का पहला पोस्टर और टीज़र 6 जुलाई को उनके जन्मदिन के मौके पर जारी किया गया। इसमें रणवीर सिंह एक बिलकुल नए, खतरनाक और एक्शन भरे अवतार में नजर आ रहे हैं।
पोस्टर में रणवीर लंबे बाल, झुलसा हुआ चेहरा, खून से सना शरीर और मुंह में सिगरेट लिए बेहद तीखे अंदाज में दिखाई दे रहे हैं। फिल्म में वह एक सीक्रेट एजेंट की भूमिका में हैं जो बदले की आग में जल रहा है। टीज़र में उनका दमदार डायलॉग “घायल हूं, इसलिए घातक हूं” फैंस को खासा पसंद आ रहा है।
फिल्म का निर्देशन ‘उरी: द सर्जिकल स्ट्राइक’ फेम आदित्य धर कर रहे हैं। फिल्म में रणवीर के साथ संजय दत्त, अक्षय खन्ना, आर. माधवन, अर्जुन रामपाल और सारा अर्जुन जैसे कलाकार प्रमुख भूमिकाओं में नजर आएंगे।
टीज़र में हाई-ऑक्टेन एक्शन, गहरे संवाद और पंजाबी रैप म्यूजिक का जबरदस्त मेल देखने को मिला। सोशल मीडिया पर फैंस रणवीर के इस अवतार को लेकर बेहद उत्साहित हैं। कई यूजर्स ने इसे उनका अब तक का सबसे दमदार किरदार बताया है।
‘धुरंधर’ को 5 दिसंबर 2025 को सिनेमाघरों में रिलीज किया जाएगा। खास बात यह है कि इसी दिन प्रभास की ‘द राजा साब’ और शाहिद कपूर की ‘अर्जुन उस्तरा’ भी रिलीज हो रही हैं। ऐसे में बॉक्स ऑफिस पर जबरदस्त टक्कर देखने को मिल सकती है।
रणवीर सिंह के फैंस इस फिल्म को उनके कॅरियर की बड़ी वापसी मान रहे हैं। कुछ समय पहले उनकी कुछ फिल्में फ्लॉप रही थीं, लेकिन ‘धुरंधर’ के लुक और अंदाज ने एक बार फिर दर्शकों की उम्मीदें बढ़ा दी हैं।
