ग्रेटर नोएडा के परिषदीय विद्यालयों में समेकित शिक्षा के अंतर्गत पढ़ाई कर रहे दिव्यांग बच्चों के लिए दिव्यांगता प्रमाण-पत्र बनाए जाने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने इसके लिए आठ सदस्यीय मेडिकल बोर्ड का गठन कर दिया है। जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा के निर्देश पर यह निर्णय लिया गया है।
जिले के कुल 511 परिषदीय स्कूलों में 1428 दिव्यांग बच्चे पंजीकृत हैं, लेकिन इनमें से अब तक केवल 348 के ही प्रमाण-पत्र बन पाए हैं। शेष 1080 बच्चों को सरकारी योजनाओं का लाभ नहीं मिल पा रहा था।
अब बीआरसी स्तर पर विशेष शिविर लगाकर प्रमाण-पत्र बनाए जाएंगे। ये शिविर 16 जुलाई को बीआरसी दादरी, 23 जुलाई को बीआरसी दनकौर, 30 जुलाई को बीआरसी जेवर और 6 अगस्त को बिसरख के सलारपुर कला बीआरसी में आयोजित होंगे।
जांच में डॉ. ब्रजेश कुमार, डॉ. प्रदीप, डॉ. श्वाति, डॉ. मनोज कुमार, डॉ. सतेंद्र सहित अन्य विशेषज्ञ डॉक्टर शामिल रहेंगे। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी राहुल पंवार ने बताया कि इन शिविरों के जरिए अधिक से अधिक बच्चों के प्रमाण-पत्र बनवाने का प्रयास किया जाएगा ताकि वे भी विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त कर सकें।
