ग्रेटर नोएडा: खुले नाले में गिरा गोधन, गंभीर रूप से चोटिल, नागरिकों ने निकाला बाहर

ग्रेटर नोएडा में नागरिक सुरक्षा और पशु संरक्षण से जुड़ी एक बड़ी लापरवाही सामने आई है। 13 जुलाई 2025 को शहर के 60 मीटर रोड ईटा गोल चक्कर से जैतपुर गोल चक्कर के पास बने एक खुले नाले में एक गोधन गिर गया। इस हादसे में गोधन गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए गोधन को बाहर निकाला और प्राथमिक इलाज कराया।

स्थानीय नागरिक हरेन्द्र भाटी, जो एक्टिव सिटीज़न के रूप में शहर की समस्याओं को लगातार उजागर करते रहे हैं, उन्होंने इस दुर्घटना को लेकर ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने बताया कि वह पहले भी कई बार वीडियो और फोटो के माध्यम से अधिकारियों को इस समस्या से अवगत करा चुके हैं, लेकिन आज तक कोई स्थायी समाधान नहीं किया गया।

भाटी ने सीईओ और एसीईओ महोदय से अपील की है कि शहर के खुले और टूटे हुए नालों की मरम्मत तुरंत कराई जाए, जिससे इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। उन्होंने कहा कि न केवल गोवंश बल्कि आम नागरिक भी ऐसे हादसों का शिकार हो सकते हैं।

इस घटना ने एक बार फिर शहर में बुनियादी ढांचे की खामियों को उजागर किया है और प्रशासन से मांग की जा रही है कि इस दिशा में जल्द कार्यवाही हो ताकि नागरिकों और पशुओं की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *