सावन की पहली सोमवारी पर शिव मंदिरों में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, गूंजे हर-हर महादेव के जयकारे

ग्रेटर नोएडा, 14 जुलाई — सावन के पवित्र महीने की पहली सोमवारी को लेकर ग्रेटर नोएडा के मंदिरों में भक्ति और श्रद्धा का अद्भुत नज़ारा देखने को मिला। तड़के से ही शिव भक्त मंदिरों में पहुंचने लगे और जल, दूध, बेलपत्र, भांग और धतूरा चढ़ाकर भोलेनाथ का अभिषेक किया।

शहर के सूरजपुर शिव मंदिर, बीटा-1, डेल्टा-1, कचहरी शिवालय और शर्फाबाद के प्राचीन शिव मंदिरों में खास सजावट की गई। श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए मंदिरों में लाइन लगाकर दर्शन की व्यवस्था की गई थी। सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए पुलिसकर्मियों की तैनाती भी की गई।

मंदिरों में भजन-कीर्तन, पूजा-पाठ और भंडारे का आयोजन किया गया। महिलाओं ने पारंपरिक परिधानों में पूजा करते हुए अपने परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। भक्तों ने “हर हर महादेव” और “बोल बम” के नारों से वातावरण को शिवमय बना दिया।

पंडितों का कहना है कि सावन में सोमवार का विशेष महत्व होता है और इस दिन शिव पूजा करने से सारे कष्ट दूर होते हैं।

प्रशासन की ओर से भीड़ को नियंत्रित करने और श्रद्धालुओं को सुविधा देने के लिए विशेष इंतजाम किए गए।

सावन की पहली सोमवारी पर पूरे ग्रेटर नोएडा में शिवभक्ति की लहर दिखाई दी, और आने वाले सोमवार को भी इसी तरह की भीड़ की उम्मीद जताई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *