नई दिल्ली, 23 जुलाई 2025:
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बुधवार को चार दिवसीय विदेश दौरे पर रवाना हो गए हैं। इस दौरान वह 23 और 24 जुलाई को यूनाइटेड किंगडम (यूके) में रहेंगे और उसके बाद 25 और 26 जुलाई को मालदीव का दौरा करेंगे।
यूके दौरे के दौरान प्रधानमंत्री मोदी की मुलाकात ब्रिटिश प्रधानमंत्री कीर स्टारमर और राष्ट्रपति चार्ल्स से होनी तय है। इस दौरे का सबसे अहम मकसद भारत-यूके के बीच फ्री ट्रेड एग्रीमेंट (FTA) पर अंतिम बातचीत और संभावित हस्ताक्षर है। माना जा रहा है कि इस समझौते के तहत भारत ब्रिटिश शराब, कारों और खाद्य उत्पादों पर आयात शुल्क में छूट देगा, जबकि यूके भारतीय वस्त्र, आईटी, ऑटो और फार्मा उत्पादों को ड्यूटी-फ्री बाजार उपलब्ध कराएगा। इससे दोनों देशों के बीच व्यापार 120 बिलियन डॉलर तक पहुंचने की संभावना है।
यूके के बाद प्रधानमंत्री मोदी 25 जुलाई को मालदीव पहुंचेंगे। वे मालदीव के राष्ट्रपति मोहमद मुयिज्जू के न्योते पर 26 जुलाई को मालदीव के 60वें स्वतंत्रता दिवस समारोह में मुख्य अतिथि होंगे। इस दौरान दोनों देशों के बीच आर्थिक सहयोग, विकास परियोजनाओं, और समुद्री सुरक्षा पर बातचीत होगी। भारत मालदीव को नई लाइन ऑफ क्रेडिट देने की योजना पर भी विचार कर रहा है।
इस यात्रा को भारत की ‘पड़ोसी पहले’ (Neighbourhood First) नीति और ‘महासागर दृष्टि’ (Vision MAHASAGAR) रणनीति के तहत महत्वपूर्ण माना जा रहा है। विदेश मंत्रालय ने उम्मीद जताई है कि यह दौरा भारत के द्विपक्षीय संबंधों को नई मजबूती देगा।
—
(
