ग्रेटर नोएडा शहर का प्रमुख और व्यस्त रास्ता परी चौक इस समय बड़ी समस्या से जूझ रहा है। यह जगह शहर का हृदय स्थल मानी जाती है, जहां रोजाना हजारों लोग आते-जाते हैं। लेकिन यहां सड़क और फुटपाथ के पास बड़ी-बड़ी झाड़ियाँ उग आई हैं, जिससे शहर की सुंदरता बिगड़ रही है। सबसे गंभीर समस्या यह है कि परी चौक के पास सीवर लाइन लगातार धंस रही है, जो कभी भी बड़ा हादसा बन सकती है स्थानीय एक्टिव सिटीज़न हरेन्द्र भाटी ने बताया कि ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण और सीवर विभाग को इस समस्या की जानकारी पहले भी दी जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। उनका कहना है कि पिछले एक से डेढ़ साल से पी-3 गोलचक्कर के पास सीवर की लाइन धंसी हुई है, और आज तक इसे ठीक नहीं कराया गया। इसका सीधा असर शहर के कई सेक्टर और बाजारों पर पड़ रहा है, जहां आए दिन सीवर ओवरफ्लो की समस्या देखी जाती है। नागरिकों का आरोप है कि करीब दो-तीन महीने पहले भी अधिकारियों का ध्यान इस ओर कराया गया था, मगर जिम्मेदार विभाग ने कोई कार्रवाई नहीं की। आज स्थिति इतनी गंभीर हो चुकी है कि परी चौक पर बने फुटपाथ, जहां लोग वाहनों की प्रतीक्षा करते हैं, वहां भी सीवर लाइन कभी भी धंस सकती है। यह न केवल गंदगी और दुर्गंध फैला रहा है बल्कि आने-जाने वालों की सुरक्षा के लिए भी बड़ा खतरा बन गया है। लोगों का कहना है कि अगर समय रहते कार्रवाई नहीं की गई तो यह इलाका रहने योग्य नहीं बचेगा और शहर की छवि बुरी तरह प्रभावित होगी। इसलिए निवासियों ने ग्रेटर नोएडा विकास प्राधिकरण से अपील की है कि शहर को गंदगी और हादसों से बचाने के लिए तुरंत समाधान निकाला जाए। उनका कहना है कि आधुनिक शहर की परिकल्पना तभी पूरी हो सकती है, जब बुनियादी सुविधाओं पर सही समय पर ध्यान दिया जाए।
ग्रेटर नोएडा के परी चौक पर धंस रही सीवर लाइन, हादसे का खतरा; नागरिकों ने प्राधिकरण से मांगा समाधान
