अल्फा-2 ग्रेटर नोएडा का एक प्रमुख और पुराना रिहायशी सेक्टर है। यह इलाका अपनी अच्छी लोकेशन और सुविधाओं की वजह से खास माना जाता है। यहाँ पर चौड़ी सड़कें, पार्क, मार्केट, स्कूल और धार्मिक स्थल मौजूद हैं। सेक्टर के अंदर छोटे-बड़े मार्केट लोगों की रोज़मर्रा की ज़रूरतें पूरी करते हैं। लेकिन अल्फा-2 में अतिक्रमण की समस्या दिनों-दिन बढ़ती जा रही है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि अर्बन विभाग की ओर से कार्रवाई तो की जाती है, लेकिन वह केवल औपचारिकता बनकर रह गई है। ताज़ा कार्रवाई का उदाहरण सामने आया, जहां विभाग की टीम के जाने के महज दस मिनट बाद ही फिर से मार्केट में पहले जैसी स्थिति देखने को मिली। आरडब्ल्यूए अध्यक्ष अल्फा-2, के सुभाष भाटी ने इस मुद्दे पर चिंता जताते हुए कहा कि मार्केट के दुकानदारों ने न केवल बरामदों तक कब्जा कर लिया है बल्कि सड़कों तक रेहड़ी-पटरी लगाकर आम लोगों के लिए आवाजाही बेहद मुश्किल बना दी है। लोगों को रोज़ाना ट्रैफिक जाम और भीड़भाड़ का सामना करना पड़ता हैं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों और एसएम सन्नी यादव से अपील की है कि वे खुद मौके पर आकर स्थिति का जायज़ा लें और स्थायी समाधान के लिए ठोस कदम उठाएँ। स्थानीय लोगों का कहना है कि कार्रवाई केवल एक दिन की नहीं होनी चाहिए, बल्कि लगातार निगरानी और सख्ती से ही अतिक्रमण पर रोक लग सकती है। यदि इस समस्या पर ध्यान नहीं दिया गया तो आने वाले दिनों में स्थिति और बिगड़ सकती है। बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं के लिए मार्केट में निकलना तक मुश्किल हो गया है। साफ है कि विभाग को अब औपचारिक कार्रवाई से आगे बढ़कर वास्तविक सुधार पर ध्यान देना होगा।
अल्फा-2 में अतिक्रमण की भरमार, कार्रवाई सिर्फ दिखावा साबित
