ग्रेटर नोएडा के इंडिया एक्सपो मार्ट में 25 से 29 सितम्बर 2025 तक उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो (UPITS-2025) आयोजित किया जाएगा। इसको लेकर आज कैबिनेट मंत्री राकेश सचान की अध्यक्षता में एक बड़ी समीक्षा बैठक हुई।
बैठक में अपर मुख्य सचिव आलोक कुमार, तीनों प्राधिकरणों के सीईओ, डीएम मेधा रूपम, पुलिस विभाग के अधिकारी और इंडिया एक्सपो मार्ट के पदाधिकारी शामिल हुए।
मंत्री राकेश सचान ने कहा कि यह आयोजन उत्तर प्रदेश की औद्योगिक और सांस्कृतिक ताकत को दुनिया के सामने दिखाने का मौका है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सुरक्षा, ट्रैफिक, स्वच्छता और आगंतुकों की सुविधाओं का पूरा ध्यान रखा जाए।
अपर मुख्य सचिव आलोक कुमार ने कहा कि यह शो उद्यमियों और कारीगरों के लिए निर्यात का बड़ा मंच बनेगा और प्रदेश को ट्रिलियन-डॉलर अर्थव्यवस्था की ओर ले जाएगा।
इंडिया एक्सपो मार्ट के अधिकारियों ने बताया कि आयोजन स्थल पर विश्वस्तरीय सुविधाएँ, पार्किंग, ट्रैफिक प्रबंधन और सुरक्षा इंतज़ाम किए जा रहे हैं।
पिछले साल की सफलता के बाद इस बार यह आयोजन और भी बड़ा होगा। इसमें लगभग 2400 से अधिक प्रदर्शक शामिल होंगे, जिनमें एमएसएमई, आईटी, स्टार्टअप्स, खादी, वस्त्र, कृषि, नवीकरणीय ऊर्जा, पर्यटन, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसे क्षेत्र होंगे।
इस ट्रेड शो में करीब 1.25 लाख राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खरीदार और 4.25 लाख आगंतुक आने की उम्मीद है। इससे उत्तर प्रदेश को भारत का उभरता हुआ व्यापार और निवेश केंद्र बनाने में मदद मिलेगी।
