ओमिक्रोन A-1 में सीवर जाम और कुत्तों का आतंक, लोगों के स्वास्थ्य और सुरक्षा दोनों पर खतरा

ग्रेटर नोएडा के जाने-माने सेक्टरो में सीवर जाम की समस्या लगातार बढ़ती जा रही। ओमिक्रोन ए-1 सेक्टर में रहने वाले लोग इन दिनों गंभीर समस्याओं से जूझ रहे हैं। यहां पर सीवर जाम की वजह से गंदा पानी सड़कों पर बह रहा है। पानी भरने से गंदगी, बदबू और मच्छरों का प्रकोप लगातार बढ़ रहा है। स्थिति यह है कि घरों के सामने चलना-फिरना भी मुश्किल हो रहा है। बच्चों और बुजुर्गों को इस गंदे माहौल से बीमारियों का खतरा बना हुआ है। डेंगू, मलेरिया और संक्रमण जैसी बीमारियों का डर लोगों को लगातार परेशान कर रहा है। इसके अलावा इलाके में आवारा कुत्तों की संख्या लगातार बढ़ रही है। लोग बताते हैं कि आए दिन कुत्ते राह चलते लोगों पर झपट पड़ते हैं। ओमिक्रोन ए-1 के अध्यक्ष योगेंद्र मावी ने बताया की कई बच्चों और महिलाओं के काटने की घटनाएँ भी सामने आई हैं। इस वजह से लोग अपने बच्चों को बाहर खेलने तक नहीं भेज पा रहे। सुबह-शाम टहलने वाले बुजुर्ग भी अब घर से निकलने में डर महसूस कर रहे हैं। निवासियों का कहना है कि उन्होंने कई बार प्राधिकरण और संबंधित अधिकारियों से शिकायत की है, लेकिन समस्या का स्थायी समाधान नहीं हुआ। सीवर की सफाई, कूडों का ढेर,या फिर कुत्तों को पकड़ने के लिए टीम सिर्फ औपचारिकता निभाती है और कुछ दिन बाद हालात फिर वैसे ही हो जाते हैं। लोगों ने साफ कहा है कि अगर समय रहते कार्रवाई नहीं हुई, तो वे मजबूर होकर सामूहिक रूप से आंदोलन करेंगे। उनकी मांग है कि तुरंत सीवर लाइन की सफाई और मरम्मत कराई जाए, ताकि बारिश का गंदा पानी सड़कों पर न फैले। साथ ही आवारा कुत्तों को पकड़कर सुरक्षित स्थानों पर भेजा जाए, ताकि लोगों को राहत मिल सके। ओमिक्रोन ए-1 के निवासियों का कहना है कि वे प्राधिकरण से उम्मीद करते हैं कि इन समस्याओं का जल्द समाधान कराया जाएगा, वरना स्वास्थ्य और सुरक्षा दोनों पर बड़ा खतरा मंडराता रहेगा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *