बीटा वन सेक्टर में 31 अगस्त को होगा रेज़िडेंट्स वेलफेयर एसोसिएशन का चुनाव, निवासियों में उत्साह

ग्रेटर नोएडा के सेक्टर बीटा वन में 31 अगस्त को रेज़िडेंट्स वेलफेयर एसोसिएशन के चुनाव होंगे। इस जानकारी की पुष्टि एक्टिव सिटीज़न हरिंदर भाटी ने दी। उन्होंने बताया कि इस बार चुनाव को लेकर सेक्टर के निवासियों में खास उत्साह है और सभी लोग बढ़-चढ़कर भाग ले रहे हैं। चुनाव की ज़िम्मेदारी चुनाव कमेटी को सौंपी गई है। इसमें वरिष्ठ सदस्य डॉ. शीतला प्रसाद, देवीशरण शर्मा, विनोद कसाना, रामकला और राकेश बेसौया शामिल हैं। निवासियों ने इन सभी को शुभकामनाएँ देते हुए भरोसा जताया है कि यह कमेटी चुनाव को निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराएगी। सेक्टर वासियों का कहना है कि इस बार चुनाव पूरी तरह संगठित और व्यवस्थित तरीके से होने जा रहे हैं, जो एक तरह से इतिहास रचने जैसा है। उम्मीदवारों की ओर से लोगों से सहयोग की अपील की जा रही है। उनका कहना है कि निवासियों के सहयोग से ही सेक्टर की समस्याओं का समाधान और विकास संभव है। आरडब्ल्यूए के माध्यम से पानी, सफाई, सुरक्षा, पार्कों की देखभाल और अन्य बुनियादी सुविधाओं पर काम किया जाएगा। इस कारण निवासियों की उम्मीदें इस चुनाव से काफी जुड़ी हैं। चुनाव की तारीख नज़दीक आते ही सेक्टर का माहौल और उत्साहपूर्ण हो गया है। निवासियों को विश्वास है कि इस बार चुनी गई टीम सेक्टर के विकास की नई दिशा तय करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *