गौतमबुद्धनगर, 26 अगस्त 2025
ग्रेटर नोएडा के इंडिया एक्सपो मार्ट में 25 से 29 सितंबर तक होने वाले यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो-2025 की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी मेधा रूपम ने अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। इस दौरान उन्होंने कहा कि यह आयोजन केवल जिले ही नहीं, बल्कि पूरे उत्तर प्रदेश की प्रतिष्ठा से जुड़ा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ खुद इसकी प्रगति पर नजर रख रहे हैं, इसलिए सभी विभाग जिम्मेदारी और गंभीरता से काम करें।
बैठक में डीएम ने ट्रैफिक और पार्किंग व्यवस्था पर खास जोर दिया। उन्होंने निर्देश दिए कि शो में आने वाले व्यापारियों और विदेशी मेहमानों के लिए विशेष यातायात योजना बनाई जाए। पार्किंग स्थल तय कर उन पर स्पष्ट संकेतक लगाए जाएं और पर्याप्त पुलिस बल तैनात हो। बरसात के समय जलभराव न हो, इसके लिए ड्रेनेज और पंपिंग सेट की व्यवस्था की जाए।
डीएम ने परिवहन विभाग से कहा कि मेट्रो, रेलवे स्टेशन और बस अड्डों से शटल बस चलाई जाए। साथ ही टैक्सी और ई-रिक्शा की पर्याप्त व्यवस्था हो। होटल और गेस्ट हाउस द्वारा अधिक शुल्क वसूलने से रोकने के लिए निगरानी टीमें बनाई जाएंगी।
उन्होंने बताया कि शो के दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रम और प्रदेश के पारंपरिक व्यंजन प्रस्तुत किए जाएंगे ताकि आगंतुकों को उत्तर प्रदेश की झलक मिले। साथ ही डिजिटल मीडिया, प्रिंट मीडिया और होर्डिंग्स के जरिए आयोजन का प्रचार-प्रसार किया जाएगा।
डीएम ने मोबाइल कंपनियों को निर्देश दिए कि शो के दौरान नेटवर्क दुरुस्त रखने के लिए अतिरिक्त टावर और तकनीकी सहायता उपलब्ध कराई जाए। स्वास्थ्य विभाग को 24 घंटे मेडिकल टीम, एम्बुलेंस और आपात सेवाएँ उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। वहीं विद्युत विभाग से 24 घंटे निर्बाध बिजली आपूर्ति और बैकअप व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया।
फायर विभाग को भी सुरक्षा व्यवस्था के तहत अग्निशमन यंत्र, फायर टेंडर और आपातकालीन निकासी मार्ग पूरी तरह से तैयार रखने को कहा गया।
डीएम मेधा रूपम ने कहा कि यह शो उत्तर प्रदेश की औद्योगिक, आर्थिक और सांस्कृतिक पहचान को वैश्विक स्तर पर प्रदर्शित करने का अवसर है। इसलिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ इसे ऐतिहासिक और सफल बनाएं।
