ग्रेटर नोएडा के सेक्टर ओमीक्रोन-1A में लोगों को मूलभूत सुविधाओं की भारी कमी का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय निवासी योगेंद्र मावी ने बताया कि पार्क में लगाए गए ओपन जिम की मशीनें लंबे समय से खराब पड़ी हैं। सेक्टरवासियों ने इन मशीनों के सहारे सुबह-शाम व्यायाम करने की आदत बना ली थी, लेकिन मशीनें खराब होने के कारण लोग इसका लाभ नहीं उठा पा रहे। बच्चों से लेकर बुजुर्ग तक सभी इस सुविधा की मरम्मत की मांग कर रहे हैं।
यही नहीं, सेक्टर में स्ट्रीट लाइट की स्थिति भी बेहद खराब है। कई जगहों पर पोल टूटे हुए हैं और बल्ब भी खराब पड़े हैं। रात में अंधेरा छा जाने के कारण लोगों को असुरक्षा की भावना रहती है। अंधेरे का फायदा उठाकर चोरी और अन्य आपराधिक घटनाओं का खतरा भी बढ़ जाता है। निवासी चाहते हैं कि टूटी हुई पोल और खराब स्ट्रीट लाइट को तुरंत बदला जाए।
सबसे गंभीर समस्या जलभराव की है। बारिश के दिनों में पानी निकासी की सही व्यवस्था न होने के कारण मुख्य मार्ग पर गंदा पानी भर जाता है। इससे लोगों का पैदल और वाहन से गुजरना मुश्किल हो जाता है। कीचड़ और पानी में फिसलने का डर बना रहता है। कई बार यह पानी घरों के बाहर तक पहुंच जाता है, जिससे लोगों की दिनचर्या प्रभावित होती है। इसके साथ ही मच्छरों और गंदगी से बीमारियों का खतरा भी बढ़ जाता है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि उन्होंने इन समस्याओं की जानकारी प्राधिकरण के अधिकारियों तक कई बार पहुंचाई है, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। निवासियों ने मांग की है कि पार्क की जिम मशीनें जल्द से जल्द ठीक करवाई जाएं, स्ट्रीट लाइट के पोल बदले जाएं और जलभराव की स्थायी व्यवस्था की जाए।
लोगों का कहना है कि अगर इन समस्याओं का समाधान हो जाए तो सेक्टर का वातावरण काफी हद तक सुधर जाएगा और यहां रहने वालों को राहत मिलेगी।
