पंजाब के पठानकोट में मंगलवार को एक बड़ा हादसा टल गया। भारी बारिश के कारण माधोपुर हेडवर्क्स के पास एक इमारत बाढ़ के पानी से घिर गई। इस इमारत में 22 सीआरपीएफ जवान और 3 आम नागरिक फंसे हुए थे। हालात इतने गंभीर थे कि देखते ही देखते इमारत टूटने की स्थिति में पहुंच गई।
इसी बीच भारतीय सेना की एविएशन टीम ने कमान संभाली। सेना का हेलिकॉप्टर बेहद जोखिम उठाते हुए सीधे इमारत की छत पर उतरा। जवानों और नागरिकों को तुरंत हेलिकॉप्टर में बैठाया गया और सुरक्षित बाहर ले जाया गया।
सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि जैसे ही सभी लोग सुरक्षित बाहर निकाले गए, उसी वक्त इमारत ढह गई। यानी अगर बचाव अभियान कुछ सेकेंड भी देर से होता, तो बड़ा हादसा हो सकता था।
सेना के इस रेस्क्यू ऑपरेशन का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। लोग इसे देखकर कह रहे हैं कि सेना ने वाकई चमत्कार कर दिया। इस घटना ने साबित कर दिया कि संकट की घड़ी में भारतीय सेना किस तरह जान की परवाह किए बिना लोगों की रक्षा करती है।
