गौतमबुद्ध नगर। जिले में वैवाहिक और पारिवारिक विवादों के समाधान के लिए तीसरे फैमिली डिस्प्यूट रेज़ोल्यूशन क्लिनिक (FDRC) की शुरुआत की गई है। पुलिस कमिश्नर श्रीमती लक्ष्मी सिंह ने गुरुवार को थाना बिसरख क्षेत्र की चेरी काउंटी चौकी पर इस केंद्र का उद्घाटन किया। यह क्लिनिक गलगोटिया विश्वविद्यालय के सहयोग से स्थापित किया गया है।
एफडीआरसी में कानून, मनोविज्ञान और व्यवहार विज्ञान के विशेषज्ञ मौजूद रहेंगे, जो परिवारों को परामर्श और काउंसलिंग प्रदान करेंगे। यहां दोनों पक्षों की बातें सुनकर आपसी विवादों का समाधान कराया जाएगा। इसका उद्देश्य टूटते हुए परिवारों को जोड़ना और वैवाहिक रिश्तों में स्थिरता लाना है। साथ ही घरेलू हिंसा, दहेज और अन्य सामाजिक मुद्दों से जुड़े मामलों का समाधान भी काउंसलिंग और मध्यस्थता के माध्यम से किया जाएगा। समय-समय पर परिवारिक समस्याओं पर जागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।
शुभारंभ कार्यक्रम में एसीपी महिला सुरक्षा और गलगोटिया विश्वविद्यालय के रजिस्ट्रार ने एफडीआरसी के संचालन से जुड़े समझौते (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए। इस अवसर पर अपर पुलिस आयुक्त कानून-व्यवस्था राजीव नारायण मिश्र, डीसीपी सेंट्रल नोएडा शक्ति मोहन अवस्थी, डीसीपी महिला सुरक्षा प्रीति यादव, एडीसीपी शैव्या गोयल सहित कई पुलिस अधिकारी मौजूद रहे। वहीं विश्वविद्यालय की ओर से चांसलर सुनील गलगोटिया, डायरेक्टर ऑपरेशन आराधना गलगोटिया, वाइस चांसलर मल्लिकार्जुन बाबू और अन्य गणमान्य व्यक्ति भी शामिल हुए।
गौरतलब है कि कमिश्नरेट गौतमबुद्ध नगर में पहले से नॉलेज पार्क (शारदा यूनिवर्सिटी के सहयोग से) और सेक्टर-108 (एमिटी यूनिवर्सिटी के सहयोग से) में दो एफडीआरसी संचालित हो रहे हैं। इन केंद्रों की मदद से अब तक हजारों परिवारों को फिर से जोड़ा जा चुका है। तीसरे केंद्र के खुलने से और अधिक जरूरतमंद परिवारों को राहत मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
