सूरजपुर कस्बे में सोमवार की रात हुई कहासुनी ने बड़ा रूप ले लिया। जानकारी के अनुसार बुलंदशहर के बोहिच गांव निवासी और फिलहाल सूरजपुर की बाराही मंदिर गली में रह रहे कमल सिंह राणा व उसके भाई नेता राणा का पड़ोसियों राजकुमार, प्रेमपाल और गौरव से विवाद हो गया। बात इतनी बढ़ी कि नेता राणा ने राजकुमार पर चाकू से हमला कर दिया। इसके बाद राजकुमार पक्ष के लोगों ने दोनों भाइयों की जमकर पिटाई कर दी।
मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल राजकुमार और नेता राणा को अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया। लेकिन देर रात इलाज के दौरान नेता राणा की मौत हो गई। इस घटना के बाद दोनों पक्षों की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए राजकुमार पक्ष के तीन लोगों—प्रेमपाल, गौरव और वकील को हिरासत में लिया है।
मंगलवार सुबह मृतक की मां व परिवारजन बड़ी संख्या में बुलंदशहर से सूरजपुर कोतवाली पहुंच गए। परिजनों ने थाने के गेट पर जमकर हंगामा किया और आरोप लगाया कि नेता राणा की मौत पुलिस की हिरासत में मारपीट की वजह से हुई है। मृतक के भाई कमल सिंह का कहना है कि पुलिस ने मौके से दोनों भाइयों को हिरासत में लेकर चौकी ले जाया था और वहीं बुरी तरह पीटा गया। हालत बिगड़ने पर उन्हें कोतवाली लाया गया और बाद में शारदा अस्पताल भेजा गया, जहां नेता ने दम तोड़ दिया।
इस बीच कमल सिंह का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें वह पुलिस पर गंभीर आरोप लगाता दिख रहा है। अब यह मामला पुलिस कार्रवाई और परिजनों के आरोपों के बीच विवाद का रूप ले चुका है।
