ग्रेटर नोएडा की बीटा-2 पुलिस ने मोबाइल फोन स्नैचिंग और चोरी की घटनाओं में शामिल एक वांछित महिला आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने बुधवार को जानकारी दी कि आरोपी का नाम पुनिता पुत्री मुन्नू है, जो ग्राम ऐच्छर की रहने वाली है।
पुलिस के अनुसार, पुनिता एक शातिर अपराधी है और एक संगठित गिरोह का हिस्सा है। इस गैंग का सरगना विशाल उर्फ मोनू है। गिरोह में तनिष्क, रोबिन और पुनिता सक्रिय रूप से शामिल रहे हैं। पुलिस ने हाल ही में 8-9 सितंबर की रात मुठभेड़ के दौरान गैंग के सरगना विशाल और उसके साथी तनिष्क को गिरफ्तार किया था। उस समय उनके कब्जे से चोरी की मोटरसाइकिल, दो छीने गए मोबाइल फोन और अवैध हथियार बरामद हुए थे। दोनों आरोपियों को जेल भेज दिया गया है।
गिरोह का एक और सदस्य रोबिन अब भी फरार है, जिसकी तलाश के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह गैंग इलाके में मोबाइल फोन स्नैचिंग और चोरी की कई वारदातों को अंजाम दे चुका है और इनके खिलाफ पहले भी कई मामले दर्ज किए गए हैं।
गिरफ्तार महिला आरोपी पुनिता के खिलाफ भी कई आपराधिक मुकदमे चल रहे हैं। बीटा-2 थाने में दर्ज मामलों में उस पर बीएनएस की धारा 304(2)/317(2), धारा 109/317(2)/345 तथा आयुध अधिनियम की धारा 3/25/27 के तहत कार्रवाई की गई है।
फिलहाल पुलिस पुनिता से पूछताछ कर रही है ताकि गिरोह की अन्य गतिविधियों और उससे जुड़े लोगों की जानकारी मिल सके। अधिकारियों का कहना है कि उसकी गिरफ्तारी से गिरोह की गतिविधियों पर काफी हद तक अंकुश लगेगा।
