बादलपुर कोतवाली पुलिस ने गुरुवार को लंबे समय से फरार चल रहे 50 हजार रुपये के इनामी बदमाश को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपी का नाम बिट्टू कुमार है, जो बिहार के सीतामढ़ी जिले का रहने वाला बताया गया है। पुलिस के मुताबिक, बिट्टू पेशे से ट्रक ड्राइवर था और इसी काम के दौरान उसने बड़ा अपराध कर दिया था।
करीब पांच साल पहले छपरौला स्थित एक कंपनी ने बिट्टू को अपने ट्रक से प्रेशर कुकर लेकर सिलीगुड़ी भेजा था। लेकिन रास्ते में बिट्टू ट्रक और उसमें भरा लाखों का सामान लेकर फरार हो गया। इस मामले में कंपनी मालिक ने तुरंत बादलपुर कोतवाली में मामला दर्ज कराया। इसके बाद से ही आरोपी पुलिस की पकड़ से बाहर था।
पुलिस ने उसकी तलाश में लगातार दबिश दी और उस पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित कर दिया गया। पांच साल से आरोपी फरारी काटते हुए जगह-जगह छिपता रहा। आखिरकार काफी प्रयासों के बाद गुरुवार को पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी अच्छेजा गांव के पास देखा गया है। सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया।
कोतवाली प्रभारी ने बताया कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है और उसके पुराने आपराधिक इतिहास की भी जांच की जाएगी। इस गिरफ्तारी को पुलिस के लिए बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है, क्योंकि लंबे समय से फरार चल रहे इनामी बदमाश को पकड़ना बड़ी चुनौती बन गया था।
