ग्रेटर नोएडा स्थित आम्रपाली ड्रीम वैली फेज 2 के निवासी पिछले चार महीनों से पजेशन और जरूरी सुविधाओं के लिए परेशान हैं। उनका आरोप है कि एनबीसीसी से लगातार संपर्क करने के बावजूद पजेशन लेटर नहीं मिल रहे हैं और ऑफिस के चक्कर लगाने के बाद भी कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो रही है।
एओए के अधिकारियों ने बताया कि सोसाइटी में लगभग 5,000 फ्लैट हैं, लेकिन सिर्फ 700 परिवारों को ही पजेशन लेटर मिले हैं। कोर्ट रिसीवर ने ज्यादातर पजेशन लेटर एनबीसीसी को सौंप दिए हैं, लेकिन एनबीसीसी के अधिकारी इसे लोगों तक नहीं पहुँचा रहे हैं। इस कारण निवासी लगातार कार्यालय का दौरा कर रहे हैं, लेकिन सुनवाई नहीं हो रही है।
निवासियों का कहना है कि पजेशन के साथ-साथ सोसाइटी की बुनियादी सुविधाओं में भी कमी आ रही है। पानी की सप्लाई, पावर बैकअप और अन्य जरूरी सुविधाएं उपलब्ध नहीं कराई जा रही हैं।
निवासियों ने इस मुद्दे को लेकर एनबीसीसी को लिखित शिकायत दी है। उन्होंने चेतावनी दी है कि अगर पजेशन और सुविधाओं की समस्या का जल्द समाधान नहीं हुआ, तो वे बड़े स्तर पर आंदोलन करने को तैयार हैं।
