पत्नी की हत्या करने वाला पति पुलिस की गिरफ्त में, चाकू और मोबाइल बरामद

थाना दादरी पुलिस ने अपनी पत्नी की हत्या करने वाले आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है। एडीसीपी सुधीर कुमार ने बताया कि 21 सितंबर 2025 को दादरी क्षेत्र में यह घटना सामने आई। मृतका की मां ने पुलिस को तहरीर देकर जानकारी दी कि उनकी बेटी चंचल शर्मा, उम्र 26 वर्ष, की हत्या उसके पति सोनू शर्मा ने कर दी है। तहरीर के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

पुलिस टीम ने तेजी से कार्रवाई करते हुए आरोपी सोनू शर्मा को पकड़ लिया। गिरफ्तार आरोपी के पास से हत्या में प्रयुक्त एक चाकू और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया। पूछताछ के दौरान सोनू ने बताया कि वह अपनी पत्नी के गलत व्यवहार से परेशान था, इसी कारण गुस्से में आकर उसने चाकू से वार कर हत्या कर दी।

आरोपी सोनू शर्मा मूल रूप से बुलन्दशहर जिले के बिरखेड़ा गांव का रहने वाला है। इस समय वह दादरी क्षेत्र के रामपुर फतेहपुर गांव में रह रहा था। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच जारी है और बरामद चाकू को फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा जाएगा। इस घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। पुलिस का कहना है कि आरोपी को अदालत में पेश कर जेल भेजा जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *