उत्तर प्रदेश पुलिस ने 25 से 29 सितंबर 2025 तक आयोजित उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो में “दण्ड से न्याय की ओर” थीम पर अपना स्टॉल लगाकर नागरिकों को सुरक्षा, कानून और पुलिस सेवाओं के बारे में जानकारी दी। स्टॉल पर पुलिस अधिकारी और कर्मचारी आगंतुकों को नवीनतम कानून, पुलिस में हो रहे नवाचार, नागरिक सेवाओं और तकनीकी उपकरणों के बारे में बताते रहे।
स्टॉल में STF, ATS, यूपी-112, यातायात पुलिस, महिला हेल्पलाइन 1090, साइबर सेल, FSL, टेलीकॉम, SDRF, GRP और फायर विभाग जैसी विभिन्न इकाइयों ने अपनी सेवाओं का प्रदर्शन किया। आगंतुकों को आधुनिक हथियार और तकनीकी उपकरण देखने को मिले, और युवा विशेष रूप से इन प्रदर्शनों में रुचि दिखा रहे थे।
साइबर सेल के माध्यम से नागरिकों को ऑनलाइन धोखाधड़ी, साइबर अपराध और उनसे बचने के उपायों के बारे में जानकारी दी गई। मिशन शक्ति 5.0 स्टॉल पर महिलाओं और बच्चों को महिला अपराध, साइबर सुरक्षा, महिला सशक्तिकरण, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ जैसी योजनाओं की जानकारी दी गई। छोटे बच्चों को गुड टच-बैड टच की भी जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के मंत्री और वरिष्ठ अधिकारी भी स्टॉल का दौरा करके पुलिस की कार्यप्रणाली की सराहना की।
