दीपावली के त्यौहार को ध्यान में रखते हुए लोगों को शुद्ध और सुरक्षित खाने-पीने की चीजें मिलें, इसके लिए प्रशासन की टीम लगातार जांच कर रही है। जिलाधिकारी मेधा रूपम के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारी शहर के अलग-अलग खाद्य प्रतिष्ठानों पर छापेमारी कर रहे हैं।
सहायक आयुक्त खाद्य सर्वेश मिश्रा ने बताया कि बीती रात टीम ने हरियाणा के मेवात जिले के गुरस्कर हथीन इलाके में स्थित जंगी मिल्क प्लांट के एक वाहन (HR073B 3222) में करीब 550 किलो पनीर पकड़ा। यह पनीर दिल्ली और एनसीआर के कई जिलों में सप्लाई होना था। जांच में पनीर मिलावटी और खाने लायक नहीं पाया गया।
टीम ने नमूने जांच के लिए भेज दिए और बाकी पनीर को नोएडा के न्यू गढ़वाल डेयरी में जब्त कर सुरक्षित रखा गया। बाद में नोएडा प्राधिकरण की मदद से पूरा पनीर नष्ट किया गया।
अधिकारियों ने कहा कि आगे भी ऐसे छापे जारी रहेंगे ताकि लोगों को शुद्ध और सुरक्षित खाद्य सामग्री ही मिल सके।
