नालेज पार्क कोतवाली क्षेत्र के शारदा कॉलेज में छात्रों के दो गुट आपस में भिड़ गए। गेट नंबर चार पर शुरू हुई कहासुनी जल्द ही लात-घुंसे की झड़प में बदल गई। इस मारपीट में कई छात्र गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के दौरान वंश, आदित्य और अरवन के सिर पर गंभीर चोटें आई हैं। बताया जा रहा है कि वंश बीटैक तृतीय वर्ष का छात्र है और उसकी किसी बात को लेकर कुछ छात्रों से विवाद हो गया था। जैसे ही वह कॉलेज से बाहर आया, तुषार त्यागी, लक्ष्य त्यागी और अन्य अज्ञात छात्रों ने उसे रोककर हमला कर दिया।
पीड़ित छात्रों का आरोप है कि आरोपितों ने अपने साथियों को भी बुलाकर मारपीट को अंजाम दिया। मारपीट के बाद आरोपित छात्र मौके से फरार हो गए और जान से मारने की धमकी दी।
वंश के पिता प्रमोद कुमार की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपितों की तलाश शुरू कर दी है
