धनतेरस पर बाजारों में उमड़ी भारी भीड़, जगत फार्म और रामपुर मार्केट में रही रौनक

धनतेरस के शुभ अवसर पर शहर के बाजारें सजी नजर आई। जगत फार्म मार्केट और रामपुर बाजारों में खरीदारी करने वालों की जबरदस्त भीड़ देखने को मिली। सुबह से ही लोग बर्तन, दीये, सजावट का सामान और मिठाइयां खरीदने दुकानों पर पहुंचने लगे। शाम होते-होते बाजारों में पैर रखने की जगह नहीं रही। दुकानदारों के चेहरे भी ग्राहकों की भीड़ देखकर खिल उठे। लोगों ने पारंपरिक मान्यता के अनुसार इस दिन सोना-चांदी, बर्तन और नए सामान की खरीदारी की। मार्केट में पीतल, तांबा और स्टील के बर्तन खूब बिके। दुकानों पर भगवान धन्वंतरि और मां लक्ष्मी की मूर्तियों की भी अच्छी मांग रही। कई दुकानों पर पूजा की थाली, दीये, दीपावली सजावट का सामान और मिठाइयां सजी हुई हैं। महिलाएं खासतौर पर पूजा के लिए सजावट के समान, कलश, घंटियां, और आरती की थालियां खरीदती नजर आईं। जगत फार्म में जहां इलेक्ट्रॉनिक और सजावटी सामान की खरीदारी करने वालों की भीड़ रही, वहीं रामपुर मार्केट में घरेलू बर्तन और पूजा सामग्री की खूब बिक्री हुई। बच्चे पटाखे और रंग-बिरंगी लाइट्स खरीदते नजर आए। कई परिवार पूरे उत्साह के साथ खरीदारी करने पहुंचे। दुकानदारों ने बताया कि पिछले साल की तुलना में इस बार ग्राहकों की संख्या ज्यादा रही है। लोगों में धनतेरस और दीपावली को लेकर खास जोश दिखाई दे रहा है। दुकानों को लाइटों और फूलों से सजाया गया है, जिससे बाजार पूरी तरह त्योहार के रंग में रंगे नजर आए। हर कोई उत्साह और खुशियों के माहौल में खरीदारी करता नजर आया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *