ग्रेटर नोएडा के दादरी थाना क्षेत्र में सोमवार रात बड़ी घटना हुई। थाना पुलिस और हत्या के आरोपित बदमाश सचिन के बीच गांव नंगला नैनसुख के पास मुठभेड़ हुई। मुठभेड़ में सचिन गोली लगने से घायल हो गया और उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने उसके बताने पर मौके से एक अवैध पिस्टल और खोखा कारतूस भी बरामद किया।
दरअसल, पुलिस उसे हिरासत में लेकर घटना में इस्तेमाल पिस्टल बरामद करने के लिए ले जा रही थी। इसी दौरान आईटीआई कॉलेज के पास सचिन ने पुलिस टीम से पिस्टल छीनने की कोशिश की और फायरिंग की। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें सचिन घायल हो गया।
पुलिस पूछताछ में सचिन ने बताया कि वह गांव नंगला नैनसुख में अपने भाई राजेश के साथ शराब पी रहा था। उस दौरान दोनों के बीच झगड़ा हुआ और उसने अपने पास मौजूद पिस्टल से राजेश को गोली मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद वह फरार हो गया।
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, सचिन के खिलाफ पहले से कई गंभीर मामले दर्ज हैं, जिनमें हत्या, लूट, आगजनी, जानलेवा हमला और बलवा शामिल हैं।
एडीसीपी सुधीर कुमार ने बताया कि मामला गंभीर है और जांच जारी है।
