बीटा-2 कोतवाली क्षेत्र से गुरुवार को एक ऑटो चालक की लापरवाही भारी पड़ गई। बताया जा रहा है कि एडल्यूएचओ सोसायटी के पास ठेके के सामने एक ऑटो गलत दिशा में आ रहा था, तभी उसने सामने से जा रहे बाइक सवार को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार पुनीत गंभीर रूप से घायल हो गए। पुनीत पाई-4 सेक्टर स्थित पारस सोसायटी में अपने परिवार के साथ रहते हैं। वे किसी काम से बाजार जा रहे थे, तभी यह दुर्घटना हो गई। टक्कर लगने के बाद पुनीत सड़क पर गिर पड़े और उनके दोनों हाथों में गंभीर चोटें आईं। हादसे के बाद आरोपी ऑटो चालक मौके से फरार हो गया। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को नजदीकी निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। पीड़ित के भाई मनोज कुमार ने ऑटो का नंबर देखकर अज्ञात चालक के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी चालक की तलाश शुरू कर दी है।
गलत दिशा से आ रहे ऑटो ने बाइक सवार को मारी जोरदार टक्कर, युवक घायल
