अब यह बात सभी को समझ में आ चुकी है कि प्रकृति हमारे साथ कितनी जुड़ी हुई है। हमने जंगलों, हवा और पानी—तीनों का बहुत नुकसान किया है। हमने सिर्फ ज़मीन ही नहीं, बल्कि समुद्र और आसमान को भी नहीं छोड़ा। यही वजह है कि आज प्रकृति के लगभग सभी तत्व खतरे में हैं। हमने कभी यह सोचने की कोशिश ही नहीं की कि इन बिगड़ती परिस्थितियों का सीधा असर हम इंसानों पर ही पड़ेगा। ये बातें सिर्फ रिपोर्टों और अखबारों तक सीमित रह गईं। शोर-शराबा तो बहुत हुआ, लेकिन हमने इन्हें कभी गंभीरता से नहीं लिया, जबकि ये हमारी सेहत और आने वाली पीढ़ियों को प्रभावित करने वाली हैं।
खतरे में है हमारी सांसें
इस साल की बारिश ने साफ दिखा दिया कि पानी का उग्र रूप कितना विनाशकारी हो सकता है। पहाड़ों से लेकर समुद्र किनारों तक बाढ़ और तबाही ने यह चेतावनी दी है कि अब अगला खतरा वायु पर है।
अक्टूबर के साथ मौसम बदलने से हवा पर सीधा असर पड़ने लगा है। दशहरा, दीपावली और पराली जलाने से होने वाला प्रदूषण हर साल की तरह इस बार भी असर दिखा रहा है। तमाम जागरूकता अभियानों के बावजूद समाज अभी भी प्रदूषण की गंभीरता नहीं समझ पा रहा है। पराली जलाने पर राजनीति और बहस जारी है, जिससे लगता नहीं कि हम अपनी प्राणवायु (ऑक्सीजन) को बचा पाएंगे।
सबसे घातक प्रदूषण
अगर प्रकृति के सभी तत्वों में से किसी एक को सबसे खतरनाक कहा जाए तो वह है वायु प्रदूषण। इसे ही “प्राणवायु” कहा गया है क्योंकि यह जीवन से सीधा जुड़ा है। प्रदूषित हवा का असर धीरे-धीरे होता है, लेकिन जब लक्षण दिखते हैं, तब तक शरीर काफी प्रभावित हो चुका होता है। इसका सीधा असर फेफड़ों और दिल पर पड़ता है। दुख की बात यह है कि सब जानते हुए भी हम अपने जीवनशैली में कोई बदलाव नहीं करते।
धुंध, धुआं और स्मॉग का बढ़ता खतरा
पिछले 10 सालों से वायु प्रदूषण लगातार बढ़ रहा है। इस साल हालात और भी खराब हो सकते हैं, क्योंकि लंबे समय तक हुई बारिश से तापमान कम रहेगा, जिससे धुंध और स्मॉग बढ़ेंगे और हवा की गुणवत्ता और गिर जाएगी।
घर के अंदर भी रखें हवा साफ
अब वक्त आ गया है कि हम अपने स्तर पर कदम उठाएं। अगर वायु प्रदूषण से नुकसान होना है तो वह हमारे ही स्वास्थ्य को होगा।
घरों की खिड़कियां और दरवाजे जरूरत न होने पर बंद रखें ताकि बाहर की दूषित हवा अंदर न आए। इससे घर के अंदर का प्रदूषण लगभग 30% तक कम हो सकता है।
ये उपाय करें
अक्टूबर से फरवरी तक बाहर जाते समय N-95 मास्क पहनें, क्योंकि यह हवा में मौजूद सूक्ष्म कणों (PM 2.5, PM 10) को शरीर में जाने से रोकता है।
घर की सफाई के बाद निकलने वाली धूल को सड़क पर न फेंकें, क्योंकि वही धूल वाहनों के साथ उड़कर फिर से हमारे घरों में आ जाती है।
सिर्फ शौक के लिए लकड़ी जलाने या उससे खाना पकाने से बचें, क्योंकि इससे घर के अंदर भी प्रदूषण बढ़ता है।
हरियाली है असली समाधान
हमें अपने घरों और आसपास अधिक पेड़-पौधे लगाना चाहिए, क्योंकि वे हवा से हानिकारक तत्वों को सोखकर वातावरण को स्वच्छ बनाते हैं। आजकल ऐसे पौधे भी मिलते हैं जो खास तौर पर प्रदूषण कम करने में मदद करते हैं।
साथ ही, जितना संभव हो पैदल चलें या साइकिल का उपयोग करें—इससे न केवल प्रदूषण घटेगा बल्कि सेहत भी बेहतर होगी।
अभी के समय में निर्माण कार्यों को भी सीमित करना चाहिए, क्योंकि उनसे धूल और धुआं बढ़ता है।
अंत में, यह समझना जरूरी है कि प्रकृति की रक्षा सिर्फ सरकार की जिम्मेदारी नहीं है। जब प्रदूषण हम सबके व्यवहार से फैलता है, तो उसका समाधान भी हमारे हाथों में ही है। यही कदम असली और प्रभावी बदलाव लाएगा।
