लगातार हो रही चोरियों पर पुलिस की सख्त कार्रवाई, दो गिरोहों का भंडाफोड़

शहर में बढ़ रही चोरी की घटनाओं पर रोक लगाने के लिए पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग गिरोहों का पर्दाफाश किया है। थाना कासना पुलिस ने 27 अक्टूबर को गोपनीय सूचना के आधार पर तीन आरोपियों – इरशाद, दिलशाद और विनीत – को पार्क के पास से गिरफ्तार किया। तलाशी में उनके कब्जे से चोरी किए हुए 28 मोबाइल फोन, एक चोरी की बाइक और अवैध हथियार बरामद हुए। पुलिस के मुताबिक, आरोपी लंबे समय से चोरी की वारदातों में शामिल थे।

वहीं, 28 अक्टूबर को थाना बिसरख पुलिस ने मोटरसाइकिल चोरी करने वाले एक अन्य गिरोह का भंडाफोड़ किया। पुलिस ने मुकुल गिरी, आकाश और अजीत को जेकेजी सोसाइटी की सर्विस रोड से पकड़ा। आरोपियों की निशानदेही पर चार चोरी की मोटरसाइकिलें और दो अवैध चाकू बरामद हुए।

लगातार हो रही चोरियों से शहरवासियों में दहशत का माहौल था, लेकिन पुलिस की इन कार्रवाइयों से लोगों ने राहत की सांस ली है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि दोनों गिरोहों से पूछताछ जारी है और इनके अन्य साथियों की तलाश में छापेमारी की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *