टेलीग्राम कॉल पर ड्रग्स का झांसा देकर 75 लाख की ठगी, पुलिस ने एक आरोपी को किया गिरफ्तार

अल्फा-1 स्थित पैरामाउंट सोसाइटी में रहने वाले एक रिटायर्ड अधिकारी के साथ बड़ी ठगी का मामला सामने आया है। बीटा-2 कोतवाली पुलिस ने इस मामले में महाराष्ट्र के पुणे निवासी गणेश सूर्यकांत ओटी को गिरफ्तार किया है। बताया जा रहा है आरोपी ने टेलीग्राम कॉल के जरिए रिटायर्ड अधिकारी अंतिल विश्वास से 75.57 लाख रुपये की ठगी की थी। ये ठगी 19 मार्च 2024 को पीड़ित को टेलीग्राम पर कॉल आई, जिसमें कॉलर ने कहा कि उन्होंने जो पार्सल ताइवान भेजा है, उसमें दो किलो ड्रग्स मिली है। इसके बाद आरोपियों ने डराकर उन्हें ‘डिजिटल अरेस्ट’ कर लिया और अलग-अलग बहानों से तीन खातों में कुल 75.57 लाख रुपये आरटीजीएस के माध्यम से ट्रांसफर करा लिए। पुलिस ने बताया कि यह रकम तीन खातों में ट्रांसफर कराई गई थी। 50 लाख, 20 लाख और 5 लाख रुपये भेजे गए थे। अब पुलिस जांच में आरोपियों की पहचान हुई और महाराष्ट्र से एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। फिलहाल बाकी आरोपियों की तलाश जारी है। राहत की बात यह है कि पुलिस ने अब तक पीड़ित को करीब 47 लाख रुपये वापस करा दिए हैं। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *