वैश्विक बैंक HSBC ने कहा है कि भारत के शेयर और बॉन्ड बाजार, दुनिया में चल रही आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) से जुड़ी तेज रैली के बीच निवेशकों के लिए एक सुरक्षित विकल्प बन सकते हैं। बैंक का मानना है कि जहां अन्य देशों के शेयर बाज़ार एआई कंपनियों में ज़्यादा निवेश के कारण जोखिम भरे हो गए हैं, वहीं भारत का बाज़ार अपेक्षाकृत स्थिर और भरोसेमंद है।
HSBC ने भारत की इक्विटी (शेयर) को “ओवरवेट” रेटिंग दी है, यानी निवेशकों को इसमें सामान्य से अधिक हिस्सेदारी रखने की सलाह दी है। बैंक ने यह भी कहा कि भारतीय बॉन्ड और रुपया दोनों निवेशकों के लिए आकर्षक बने हुए हैं। रिपोर्ट के अनुसार, भारत की मज़बूत घरेलू मांग, स्थिर अर्थव्यवस्था और सुधारों के चलते भारत का बाज़ार लंबी अवधि में बेहतर प्रदर्शन कर सकता है।
HSBC ने अनुमान लगाया है कि बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) का सेंसेक्स 2026 के अंत तक 94,000 अंकों तक पहुँच सकता है। वहीं, 10 साल की सरकारी बॉन्ड की ब्याज दरें 6.25% तक घटने की उम्मीद है। बैंक ने कहा कि भारत निवेशकों के लिए “एआई-रैली से बचने का सुरक्षित ठिकाना” साबित हो सकता है।
