दिल्ली घटना के बाद नोएडा में हाई अलर्ट, डीसीपी ने की फुट पेट्रोलिंग और सख्त चेकिंग जारी

दिल्ली में हुई घटना के बाद पूरे नोएडा, ग्रेटर नॉएडा और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। पुलिस कमिश्नर श्रीमती लक्ष्मी सिंह के निर्देशन में 10 नवंबर को डीसीपी नोएडा श्री यमुना प्रसाद ने थाना सेक्टर-58 क्षेत्र में फुट पेट्रोलिंग की। उन्होंने सेक्टर-62, 59, 60 और अन्य भीड़भाड़ वाले इलाकों का दौरा कर सुरक्षा इंतजामों की बारीकी से जांच की।

डीसीपी ने थाना प्रभारी और पुलिस टीमों को सख्त निर्देश दिए कि संदिग्ध लोगों और वाहनों की गहन चेकिंग की जाए। सभी प्रमुख चौराहों, बाजारों, मॉल और मेट्रो स्टेशनों के पास बैरिकेडिंग लगाकर पुलिस द्वारा जांच अभियान चलाया जा रहा है। खासतौर पर ऑफिस एरिया और आईटी कंपनियों के आसपास अतिरिक्त फोर्स तैनात की गई है।

पीआरवी और पीसीआर वैन को लगातार गश्त पर रखा गया है ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई की जा सके। पुलिस ने लोगों से भी अपील की है कि अगर कोई संदिग्ध व्यक्ति या वस्तु दिखाई दे, तो तुरंत पुलिस को सूचित करें।दिल्ली में हुई घटना के बाद एनआईए, एनएसजी, दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल और फॉरेंसिक टीमें मौके पर पहुंच गई हैं। इस घटना के बाद पूरे दिल्ली-एनसीआर में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है। नोएडा पुलिस ने भी हर जगह चौकसी बढ़ा दी है और डीसीपी खुद स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। सुरक्षा कारणों से सभी मॉल, बाजार और सार्वजनिक स्थानों पर तलाशी अभियान जारी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि लोगों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है, इसलिए किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *