नॉलेज पार्क इलाके में मिले अरमान की संदिग्ध मौत के मामले में जिला अदालत ने बड़ा कदम उठाते हुए संबंधित लोगों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज करने का आदेश दिया है। अरमान, जो हसनपुर गांव का रहने वाला था, यहां मोहम्मद फैज के पास वेल्डिंग का काम करता था।
परिवार का आरोप है कि फैज को शक था कि अरमान उसकी बहन से बात करता है। इसी बात को लेकर पहले दोनों के बीच कहासुनी और मारपीट भी हो चुकी थी। विवाद के बाद अरमान घर लौट गया था, लेकिन 15 अगस्त को फैज ने अरमान की मां को फोन करके उसे दोबारा काम पर बुलवा लिया।
परिवार के मुताबिक, इसके तीन दिन बाद यानी 18 अगस्त को फैज ने फिर फोन कर बताया कि अरमान गायब है। चिंतित परिवार 19 अगस्त को ग्रेटर नोएडा पहुंचा और नॉलेज पार्क थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई।
इसी बीच 24 अगस्त को पुलिस का फोन आया कि अरमान का शव गोदरेज फ्लैट टावर के पास मिला है। अब अदालत ने मामले की गंभीरता देखते हुए आरोपियों पर हत्या का मुकदमा दर्ज करने का निर्देश दिया है।
