ग्रेटर नोएडा के सिरसा गांव में हुए चर्चित निक्की भाटी हत्याकांड में पुलिस ने आखिरकार सूरजपुर स्थित जिला न्यायालय में करीब 500 पन्नों की चार्जशीट दाखिल कर दी है। इसमें निक्की के पति विपिन, जेठ रोहित, ससुर सत्यवीर और सास दया को आरोपी बताया गया है।
दादरी के रुपवास गांव की रहने वाली निक्की की शादी सिरसा गांव के विपिन भाटी से हुई थी। बताया गया कि 21 अगस्त को घर में ज्वलनशील पदार्थ डालकर आग लगाई गई, जिसमें निक्की की मौत हो गई। निक्की की बहन कंचन भाटी की शिकायत पर पुलिस ने पति और ससुराल पक्ष के तीन अन्य सदस्यों पर हत्या का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज किया था। घटना सोशल मीडिया पर भी खूब चर्चा में रही।
जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल से जले हुए कपड़े, लाइटर, थिनर की बोतल, बिस्तर, गैस चूल्हा सहित कई सबूत जब्त किए। इसके अलावा अस्पताल से मिला मेमो और सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो भी चार्जशीट में शामिल किया गया है।
दामिनी पक्ष के अधिवक्ताओं का कहना है कि पुलिस ने अपना काम पूरा कर लिया है और अब वे अदालत में आरोपियों को सजा दिलाने के लिए कड़ी पैरवी करेंगे। वहीं बचाव पक्ष के वकील पुलिस की जांच को गलत बता रहे हैं और अदालत में अपना पक्ष साबित करने की बात कह रहे हैं।
